बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन को नियमित जांच के लिए मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अभिनेता अब ठीक है और उन्हें शुक्रवार रात को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बिग बी को मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अमिताभ बच्चन शुक्रवार रात अस्पताल से अपने बेटे अभिषेक बच्चन और पत्नी जया बच्चन के साथ घर लौटे हैं। अभिषेक बच्चन अपनी सफेद रेंज रोवर की अगली सीट पर बैठे थे, जबकि जया पीछे अमिताभ बच्चन के साथ थीं। उनकी गाड़ी के पीछे पुलिस की एक गाड़ी भी थी। अमिताभ बच्चन हमेशा नियमित जांच के लिए अस्पताल जाते रहते हैं। वह साल 2012 में सर्जरी की वजह से 12 दिन के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे। अमिताभ को लीवर से जुड़ी समस्याएं हैं। 1982 में फिल्म 'कुली' की शूटिंग के दौरान अमिताभ को चोट लग गई थी।